Ludhiana CMS Robbery: बीते 10 जून को लुधियाना के CMS में हुए ₹8.49 करोड़ की डकैती को अंजाम देने वाली मास्टरमाइंड डाकू मोना उर्फ मनदीप कौर को पुलिस ने उसके पति जसविंदर सिंह के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब की इस डाकू को पुलिस ने उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि लुधियाना के न्यू राजगुरु नगर में एक कैश मैनेजमेंट कंपनी के कार्यालय से 8 लुटेरों के एक समूह द्वारा ₹8.49 करोड़ लूट को अंजाम दिया गया था। जिसके एक हफ्ते बाद ही पुलिस ने शनिवार को इस चोरी के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5.75 करोड़ रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस कमिश्नर ने पहले कहा था कि जांच अधिकारियों को संदेह है कि वास्तविक लूट की राशि ₹6.33 करोड़ है। इसके साथ ही पुलिस को मनदीप कौर और उनके पति से और बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है। लुधियाना पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) सौम्या मिश्रा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया था। जिसके बाद मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
ख़बरों के अनुसार मोना इस घटना को अंजाम देने के बाद उत्तराखंड में मंदिरों के दर्शन कर इस रॉबरी में से भगवन को चढ़ा कर पाप धोना चाहती थी। जिसके लिए वो इस घटना को अंजाम देने के बाद अपने पति के साथ उत्तराखंड गयी थी। वही पुलिस को इस बात का पता चला जिसके बाद पुलिस ने हेमकुंड साहिब में छानबीन शुरू की लेकिन वह ज्यादा भीड़ होने के कारण पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर पा रही थी। इसके साथ ही,ठंड ज्यादा होने के कारण वहां लोगों ने अपने मुंह ढक रखा था जिसके कारण पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में और मुश्किल हो रही थी। इसके चलते पुलिस ने फ्रूटी प्लान बनाया और खुद वहां लोगो के बीच फ्रूटी बांटी। इस दौरान फ्री की फ्रूटी लेते हुए मोना को उसके पति के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
इंवेस्टिगेटर्स के अनुसार, मनदीप की फैमिली बैकग्राउंड बहुत कमज़ोर हैं। उसके पिता की मृत्यु के बाद से उसकी माँ ने घरों में काम करने के साथ दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम कर अपने तीन बच्चों की परवरिश की। वहीं इस गरीबी से निकलने के लिए मंदीप ने ऐसी लूट की योजना बनाई। मंदीप ने इस साल फरवरी में जसविंदर के साथ दूसरी शादी की जबकि साल 2018 में उनकी पहली शादी हुई थी।