Buxar Tourist Place: बिहार के बक्सर जिले में चौसा लड़ाई मैदान नाम से से प्रसिद्ध एक ऐतिहासिक स्थल को जल्द ही एक पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए पटना पर्यटन विभाग ने स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही इस स्थान को एक साल के अंदर तैयार करने का निर्देश भी दिया गया है। इसके सौंदर्यीकरण के लिए पटना पर्यटन विभाग ने 3 करोड़ 89 लाख 77,000 रुपए का अनुदान दिया है। जिसके प्रथम किश्त के रूप में 1 करोड़ 94 लाख 88 हजार 500 रुपए दे दी गई है।
क्या है इस जगह का इतिहास?
आपको बता दें कि बिहार के बक्सर जिले चौसा नगर पंचायत में चौसा लड़ाई का मैदान है। जिसके इतिहास के बारे में लगभग हर एक लोग बच्चे से बड़े सभी को पता है। दरअसल 26 जून 1539 को शेरशाह और हुमायू के बीच इसी मैदान में युद्ध हुआ था। जिस युद्ध में हुमायू को हारकर मैदान छोड़कर भगाना पड़ा था। उसके बाद से ही इस मैदान को शेरशाह की विजय स्थली के नाम से जाना जाने लगा। इसके अलावा इस मैदान में पुरातत्व विभाग द्वारा की गई खुदाई में 5 हजार साल पहले की सभ्यता के अवशेष भी मिले थे।
कैसे मिली मंजूरी?
इस स्थान को पर्यटन स्थल बनाने की मंजूरी कैसे मिली तो इस बारे में बताते हुए चौसा नगर पंचायत चेयर मैन प्रतिनिधि सह पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज यादव ने कहा कि, इस जगह के विकास के वादे को लेकर बहुत सारे नेता और अधिकारी आए लेकिन किसी ने भी पर्यटन स्थल में तब्दील करने के वादे को पूरा नहीं किया। जिसके बाद चौसा गांव की चेयर मैन किरण देवी ने मुख्यमंत्री के समाधान यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्य मंत्री तेजस्वी यादव और कुछ दिन पहले राज्यपाल महोदय को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी जिसके बाद पटना पर्यटन विभाग ने इस जगह का निरीक्षण कर इसे डेवलप करने के लिए अनुमति दी।
पर्यटन विभाग ने इस जगह के सौंदर्यीकरण को लेकर एक पत्र जारी किया है। इस जारी पत्र में बताया गया है कि बाउंड्री वॉल को ऊपर उठाने का कार्य, टिकट रूम निर्माण, शौचालय, चबूतरे का कार्य, मुख्य द्वार, पिछला द्वार, पार्क का विकास, कंक्रीट सड़क, लैंडस्कैपिंग, 10 बेंच, 35 सोलर लाइट लगाने का कार्य इस योजना के तहत किया जाएगा। वहीं इस योजना का कार्यकारी एजेंसी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ही होगा।