Bihar ANM Received National Award: गुरुवार 23 जून को बिहार के शेखपुरा की एएनएम गायत्री कुमारी (ANM Gayatri Kumari) को राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली के सभागार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Mrs. Draupadi Murmu) ने राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटेंगल पुरस्कार से सम्मानित किया। गायत्री कुमारी शेखपुरा जिले के गवय गांव स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र केंद्र में एएनएम के तौर पर तैनात हैं।
आपको बता दें कि गुरुवार को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में 2022 और 2023 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले देश भर से 30 नर्सों को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन किया गया था। इसी सम्मान समारोह में गायत्री कुमारी को यह सम्मान प्राप्त हुआ। गायत्री कुमारी बिहार राज्य से सम्मानित होने वाली अकेली नर्स थी। नर्सों के इस सम्मान समारोह के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडविया और स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण सहित बड़ी संख्या में देश भर के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Mrs. Draupadi Murmu) ने गायत्री कुमारी को अपने हाथों से पुरस्कृत करते हुए उनके निष्पक्ष और निर्भीक होकर लोगों को स्वास्थ्य सेवा देने के कार्यों की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे कोरोना काल में इनकी ओर से किए गए बेहतर कार्य को लेकर इन्हें कोरोना वॉरियर्स का पुरस्कार भी राज्य सरकार द्वारा दिया गया है। इन्होने परिवार नियोजन, टीकाकरण, कोविड-19 महामारी के दौरान योद्धा के रूप में काम करने के साथ-साथ पुरुष नसबंदी के अभियान में बेहतरीन उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा गायत्री कुमारी को पिछले महीने राज्य स्तर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा इनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में नर्सिंग प्रोफेशनलों को वर्ष 2022 और 2023 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से बिहार की एएनएम गायत्री कुमारी को सम्मानित किया गया। बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं!#BiharPolice pic.twitter.com/ZelSdCnPX0
— Bihar Police (@bihar_police) June 23, 2023
आपको बता दें कि गायत्री कुमारी सदर प्रखंड अंतर्गत सिरारी गांव की रहने वाली है। इनके परिवार में सास-ससुर और पति आलोक कुमार सभी शिक्षक हैं। यह नगर क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी में अपने स्वयं के मकान में पूरे परिवार के साथ रहती हैं। गायत्री कुमारी को राष्ट्रीय स्तर पर इस पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के बाद से जिला के स्वास्थ्य विभाग में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इसके साथ ही सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार सिंह सहित अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उनके इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई दी है।