Bihar के कई जिलों में इन दिनों भारी गर्मी पड़ रही है। लू की तपिश से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार के उत्तर पश्चिम भाग के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण जिलों में एक या दो स्थानों पर एवं दक्षिण पश्चिम भाग के रोहतास एवं भभुआ जिला के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की चेतावनी दी है।
आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना
शुक्रवार को Bihar में सबसे अधिक तापमान शेखपुरा जिले में दर्ज किया गया, जहां पारा 43.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, किशनगंज सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान जताया है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम Bihar के सिवान, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण और गोपालगंज जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम Bihar के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इन जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर जिलों में भी तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शनिवार को इन जिलों में लू का खतरा
मौसम विभाग ने शनिवार को Bihar के दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य जिला के कुछ स्थानों पर एवं दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, अररिया, सुपौल जिला में लू चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही राज्य के शेष भागों में उष्ण दिवस की संभावना बताई है।
मौसम विभाग ने गर्मी से बचाव के लिए लोगों को ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनने, बार-बार पानी पीने, घर से बाहर निकलते समय सिर पर टोपी या छाता लगाने और धूप में अधिक समय तक रहने से बचने की सलाह दी जा रही है।