APJ Abdul Kalam: हर साल 27 जुलाई को भारत के मिसाइल मैन एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्य तिथि के रूप में मनाया जाता है। आज यानी 27 जुलाई 2023 को एपीजे अब्दुल कलाम की 8वीं पुण्य तिथि के रूप में मनाया जा रहा है। एपीजे अब्दुल कलाम एक भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक और इंजीनियर थे, जिन्हें भारत के “मिसाइल मैन” के रूप में जाना जाता है।आपको बता दें कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर, 1931 को पंबन द्वीप के तीर्थस्थल रामेश्वर में एक तमिल मुस्लिम परिवार में हुआ था।
उनके पिता जैनुलाब्दीन मरकयार एक नाव के मालिक और एक स्थानीय मस्जिद के इमाम थे और उनकी माँ एक गृहिणी थीं। डॉ. कलाम परिवार में चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। लेकिन परिवार को आर्थिक सहायता करने के लिए उन्होंने कुछ साल न्यूज पेपर बेचा।
अब्दुल कलाम ने श्वार्ट्ज हायर सेकेंडरी स्कूल में अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की और फिर सेंट जोसेफ कॉलेज में दाखिला लिया और 1954 में भौतिकी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद वह मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का अध्ययन करने के लिए मद्रास चले गए।
ग्रेजुएशन की पढ़ाई के बाद, अब्दुल कलाम रक्षा अनुसंधान और विकास सेवा के सदस्य बने उसके बाद उन्होंने एक वैज्ञानिक के रूप में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैमानिकी विकास प्रतिष्ठान में शामिल हो गए। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक छोटे होवरक्राफ्ट को डिजाइन करके की, हालांकि, डीआरडीओ में अपनी नौकरी से वो संतुष्ट नहीं थे। इसके बाद साल 1969 में, उन्हें भारत के पहले सैटेलाइट लॉन्च वाहन के परियोजना निर्देशक के रूप में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में स्थानांतरित कर दिया गया।
कलाम ने 2002 के राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने 922,884 चुनावी वोट के साथ जीतकर भारत के 11वें राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया। राष्ट्रपति के तौर पर उनका कार्यकाल 25 जुलाई 2002 से 25 जुलाई 2007 तक रहा। कलाम एक महान वैज्ञानिक, इंजीनियर और राजनेता थे। उन्होंने भारत को एक महान शक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे भारत के लोगों के लिए एक प्रेरणा थे। 27 जुलाई 2015 को कार्डियक अरेस्ट से उनका निधन हो गया।