Raw New Chief Ravi Sinha: छत्तीसगढ़ कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी रवि सिन्हा को भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। रवि सिन्हा रॉ के प्रमुख सामंत कुमार गोयल की जगह लेंगे, जो 30 जून 2023 को रॉ में अपने 4 साल के कार्यकाल को पूरा कर लेंगे। वर्तमान में सिन्हा कैबिनेट सचिवालय के विशेष सचिव के रूप में सेवारत हैं।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने छत्तीसगढ़ कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी 59 वर्षीय सिन्हा को दो साल के कार्यकाल के लिए रॉ सचिव के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है। उनकी इस नई भूमिका में सिन्हा से आज के समय की चुनौतियों का समाधान करने के लिए तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस डायमेंशन को एकीकृत करने की उम्मीद की गई है। ऑफिसर रवि सिन्हा को जम्मू और कश्मीर, पूर्वोत्तर और वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों के अलावा भारत के पड़ोस में विकास पर एक मजबूत पकड़ के लिए जाना जाता है जहां उन्होंने अलग-अलग समय पर काम किया है।
वहीं रवि सिन्हा को अपने बेहतरीन प्रबंधन और जासूसी कौशल के लिए भी जाने जाते हैं। इसके साथ ही यह भी माना जाता है कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े मामलों के विशेषज्ञ गोयल ने फरवरी 2019 में पाकिस्तान के बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक की योजना बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। आपको बता दें की भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के नए प्रमुख रवि सिन्हा बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। उनकी इस नियुक्ति पर गांव के लोगों में खुशियों का माहौल है।