टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) जहां भी मौजूद होते हैं, वहां उनकी एक अलग ही फैन फॉलोइंग बन जाती है. केवल भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के कोने-कोने में उनके फैंस भरे हैं, तभी तो आज भी जब महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) कहीं भी नजर आते हैं, तो उनके फैंस की एक बहुत बड़ी हुजूम इकट्ठा हो जाती है. कुछ ऐसा ही रांची में हुआ. जब महेंद्र सिंह धोनी झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे तो वहां प्रशंसंकों ने उन्हें पूरी तरह घेर लिया. उनसे फोटो खिंचवाने और ऑटोग्राफ की जिद करने लगे पर हमेशा की तरह धोनी ने अपने फैंस को बिल्कुल भी निराश नहीं किया.
अपने फैंस को नहीं किया निराश
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) अपने फैंस को ऑटोग्राफ और उनके साथ सेल्फी खिंचवाते नजर आ रहे हैं. आपको बता दे कि महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) अपने हर उम्र के फैंस का बड़े ही खास तौर पर ध्यान रखते हैं और जब भी उन्हें मौका मिलता है वह अपने फैंस के साथ मिलते हैं और उनसे बातचीत करते हैं. क्रिकेट के खेल के दौरान भी जब कोई फैंस उनके पास आना चाहता है, तो धोनी उन्हें बिल्कुल भी मना नहीं करते है. कैप्टन कूल का यही अंदाज लोगों को काफी पसंद आता है जिस कारण वह हर बार अपने फैंस का दिल जीत लेते हैं.
वायरल हो रहा है धोनी का नया लुक
इस वक्त सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का नया लुक काफी चर्चा में छाया हुआ है, जिसमें वह लंबे बाल और बड़ी-बड़ी दाढी रखे हुए नजर आ रहे हैं. आपको बता दे कि इस उम्र में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आप को जिस तरह से फिट रखा है वह कई खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है तभी तो आईपीएल में जब वह चेन्नई सुपर किंग के लिए खेलते नजर आते हैं तो आज भी उनमें यह कौशल कूट-कूट कर भरा है कि अपने दम पर मैच का रुख पलट सके और कई बार उन्होंने ऐसा किया भी है.