टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के नाम आज भी कई ऐसे रिकॉर्ड है जो कई खिलाडी़ तोड़ नहीं पाए. वह एक बेहतर कप्तान होने के साथ-साथ एक शानदार खिलाड़ी भी थे, जिन्होंने अपने बल्ले से कई मौके पर ऐसे चमत्कार दिखाएं कि सामने वाला टीम पूरी तरह सहम गया. साल 2005 में आज ही के दिन महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने श्रीलंका के खिलाफ ऐसा कारनामा किया कि हर कोई उनके आगे नतमस्तक हो गया.
बल्ले से धोनी ने मचाया था कहर
यह साल 2005 की बात है जब जयपुर में श्रीलंका और भारत के बीच वनडे मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में श्रीलंका ने भारत के खिलाफ 298 रन बनाए थे. जब भारत इस मुकाबले में बल्लेबाजी करने आया तो उसकी शुरुआत बेहद ही खराब रही और 5 गेंद के अंदर ही सचिन तेंदुलकर ने अपना विकेट गवा दिया था. उस वक्त महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने वीरेंद्र सहवाग के साथ मिलकर अहम भूमिका निभाई और वह श्रीलंका के लिए काल बन गए. इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने 145 गेंद में 183 रन की पारी खेली जिसके बाद भारत को 6 विकेट से जीत हासिल हुई. अपनी पारी के दौरान धोनी ने 15 चौके और 10 छक्के भी लगाए थे.
टूटा था सौरव गांगुली का रिकॉर्ड
ये वही दिन था जब महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के रूप में भारत को एक दमदार विकेटकीपर बल्लेबाज मिल गया जो मुश्किल परिस्थिति में भारत को जीत दिलाने की काबिलियत रखता था. इतना ही नहीं श्रीलंका के खिलाफ धोनी ने जो 183 रन की पारी खेली थी उस वक्त उन्होंने सौरव गांगुली का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 1999 में श्रीलंका के खिलाफ 183 रन बनाए थे. नाबाद रहकर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने इस रिकार्ड को अपने नाम किया जो आज भी इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में लिखा हुआ है.