Indigo Flight: मंगलवार की दोपहर लखनऊ से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2441( Indigo Flight) को मुंबई में लैंड नहीं कर पाने के बाद उसे उदयपुर डायवर्ट कर दिया गया जिसके बाद हड़कंप मच गया। इसके बाद उदयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों के हंगामे के कारण पायलट को बदला गया जिसके बाद रात 8 बजे यह फ्लाइट मुंबई पहुंची।
फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी थी और इसे दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर मुंबई में लैंड करना था। लेकिन पायलट ने मुंबई में उतरने के दो अटेम्प्ट को मिस कर दिया जिसके बाद फ्लाइट को उदयपुर एयरपोर्ट की ओर मुड़ने का फैसला लिया गया। हालांकि एयरलाइन ने डायवर्जन के लिए खराब मौसम को जिम्मेदार ठहराया, लेकिन यात्रियों ने दावा किया कि पायलट की लापरवाही की वजह से ये ग़लती हुई है। जिसके बाद तीसरे प्रयास में फ्लाइट की उदयपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग हुई।
उदयपुर में लैंडिंग के बाद यात्रियों ने एयरलाइन से पायलट को बदलने की मांग की। कुछ पैसेंजर्स ने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और DGCA से ट्विटर पर शिकायतें की। एक यात्री ने ट्वीट किया, ‘Indigo टीम के खराब प्रबंधन के कारण फ्लाइट इंडिगो 6ई 2441 (लखनऊ से मुंबई) मुंबई में नहीं उतर पाई। इस बात की संभावना है कि या तो एयरबस खराब हो या पायलट इसे संभालने में सक्षम न हो… इंवेस्टिगेशन की जरूरत है।’
वहीं इंडिगो के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘खराब मौसम के कारण, पायलट मुंबई में नहीं उतर सका और उदयपुर जाने का फैसला किया…उदयपुर में उतरने के बाद, उसने कहा कि वह थका हुआ था और इसलिए चालक दल को बदलने के लिए कहा। इसमें कुछ समय लगा और फिर फ्लाइट शाम 6 बजे के बाद मुंबई के लिए रवाना हुई।”